JDWA.M.P
स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं के लिए समान नीति की मांग, बैंक अधिकारियों ने दिया सकारात्मक आश्वासन गोल्ड अप्रेज़ल वेलफेयर फाउंडेशन का प्रथम स्टेट कन्वेंशन मीट सम्पन्न, इंडिया गोल्ड मेटावर्स के साथ हुआ एमओयू भोपाल, 12 जुलाई। कान्हा फन सिटी में गोल्ड अप्रेज़ल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा प्रदेश के स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं का प्रथम राज्य स्तरीय स्टेट कन्वेंशन मीट आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मूल संस्था एवं प्रायोजक ज्वेलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मध्य प्रदेश (JDWA) रही। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केनरा बैंक के आईजीएम श्री रविचंद्रा, एजीएम श्री टी. रमेश एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिसर श्री बलवीर कुमार रहे। विशेष अतिथि के रूप में इंडिया गोल्ड मेटावर्स के वाइस प्रेसिडेंट श्री चेतन भंडारी, प्रसिद्ध गोल्ड रेट इंफ्लुएंसर श्री वीरेंद्र व्यास तथा जेडीडब्ल्यूए, मध्य प्रदेश के महासचिव श्री संतोष सराफ उपस्थित रहे। सम्मेलन में सभी बैंकों में अलग-अलग मूल्यांकन शुल्क, एक समान कार्य प्रणाली, स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं के लिए बीमा, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, प्रमाणित मूल्यांकनकर्ताओं को प्राथमिकता तथा राष्ट्रीय स्तर पर समान नीति लागू किए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता श्री संतोष सराफ ने कहा कि स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता बैंक और ग्राहक के बीच विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सभी बैंकों में समान पारिश्रमिक, स्पष्ट कार्यदायित्व, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण तथा संगठन के माध्यम से स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं को संगठित एवं प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता ही इस व्यवसाय की सबसे बड़ी पहचान है। बैंक अधिकारियों ने संस्था द्वारा उठाई गई मांगों का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि संगठन द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन पर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी तथा बैंकिंग संस्थाओं के स्तर पर एक समान एवं व्यवहारिक नीति बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संस्था द्वारा प्रशिक्षित एवं प्रमाणित सदस्यों को प्राथमिकता देने पर भी सकारात्मक विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर गोल्ड अप्रेज़ल वेलफेयर फाउंडेशन एवं इंडिया गोल्ड मेटावर्स के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से स्वर्ण मूल्यांकनकर्ताओं के प्रशिक्षण, तकनीकी उन्नयन एवं कौशल विकास के लिए कार्य करेंगी। साथ ही शीघ्र ही दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई, जिसमें आधुनिक स्वर्ण परीक्षण तकनीक, कैरेट मीटर के उपयोग तथा मिश्रित धातुओं की पहचान का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष श्री सुनील सोनी ने संगठन के विस्तार का संकल्प व्यक्त किया। सचिव श्री बृजेंद्र (बृजेश) सोनी ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शीघ्र ही संस्था का बैंक खाता प्रारंभ किया जाएगा तथा भोपाल में राज्य स्तरीय मुख्यालय स्थापित किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।